शकरपुर से चोरी की बाइक पर पांडव नगर में करते थे स्नैचिंग, पुलिस ने बरामद किए दो मोबाइल फोन

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की पांडव नगर थाना पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो कुख्यात झपटमारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी शाहिद उर्फ अरमान (22 वर्ष) और प्रेंस उर्फ सनी (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन दोनों की गिरफ्तारी से पुलिस ने झपटमारी और चोरी के कुल 8 मामलों को सुलझाने का दावा किया है। आरोपी मुख्य रूप से ई-रिक्शा में चलने वाली सवारियों को निशाना बनाते थे।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 25 मार्च को बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हर्षी वर्मा मयूर विहार फेस-1 मेट्रो स्टेशन से ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। डीपी अपार्टमेंट के पास काली मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनके हाथ से उनका आईफोन-16 छीन लिया और फरार हो गए। इस संबंध में थाना पांडव नगर में बीएनएस की धारा 304(2)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई राज कुमार, एएसआई राजेंदर और कांस्टेबल रामकेश की टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के करीब 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और एक संदिग्ध बाइक की धुंधली नंबर प्लेट का सुराग पाकर उसे ट्रैक किया।

जांच में पता चला कि इस्तेमाल की गई बाइक शकरपुर इलाके से चोरी की गई थी। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस को पता चला कि आरोपी शशि गार्डन झुग्गी क्षेत्र की ओर भागे हैं। पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को उस समय दबोच लिया जब वे भागने की कोशिश कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि छीना गया आईफोन उन्होंने दरियागंज इलाके में बेच दिया है, जिसकी बरामदगी के प्रयास जारी हैं। आरोपियों की निशानदेही पर शकरपुर से चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक और दो अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए।

आरोपियों का प्रोफाइल खंगालने पर पता चला कि शाहिद उर्फ अरमान मेरठ में फलों का ठेला लगाता है और ईद मनाने दिल्ली आया था। वह नशे का आदी है और पहले से हत्या के प्रयास, लूट और चोरी के 7 मामलों में शामिल रहा है। वहीं, दूसरा आरोपी प्रिंस उर्फ सनी पेशे से एसी रिपेयर मैकेनिक है और उसके खिलाफ भी झपटमारी के 3 मामले दर्ज हैं। डीसीपी ने आगे बताया कि इन दोनों की गिरफ्तारी से पांडव नगर और शकरपुर थाने के 8 मामले सुलझ गए हैं। फिलहाल पुलिस आईफोन खरीदने वाले और इस सिंडिकेट के अन्य लिंक की तलाश में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More