हाफ सेंचुरी के करीब पहुंचा शातिर ऑटो-लिफ्टर चढ़ा पुलिस के हत्थे, प्रीत विहार थाना पुलिस ने चोरी की दो स्कूटी के साथ दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की प्रीत विहार थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक कुख्यात और सक्रिय ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी पंकज (33 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो स्कूटी बरामद की हैं। पकड़ा गया आरोपी दिल्ली पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और उसके खिलाफ पहले से लूट, झपटमारी, वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट के 49 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 26 मार्च को प्रीत विहार थाना पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके का एक सक्रिय वाहन चोर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूमने वाला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल राम सिंह, रविंद्र और कांस्टेबल चेतन व बिजेंद्र की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की। इसके बाद स्वर्ण जयंती पार्क के पास नागराज मार्ग पर जाल बिछाकर आरोपी पंकज को धर दबोचा गया।

गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से सफेद रंग की होंडा एक्टिवा बरामद हुई, जो 20 जनवरी को प्रीत विहार इलाके से चोरी हुई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर मेट्रो अस्पताल के पास से एक और काली होंडा एविएटर स्कूटी बरामद की गई, जिसे उसने 11 मार्च को चोरी किया था। डीसीपी ने बताया कि आरोपी पंकज शकूरपुर की डाक खाना वाली गली का रहने वाला है और केवल 8वीं कक्षा तक पढ़ा है। वह नशे का आदी है और अपनी इस महंगी लत को पूरा करने के लिए ही अपराध की दुनिया में उतरा था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पंकज एक ‘प्रोफेशनल’ अपराधी है जो झपटमारी और चोरी में माहिर है। उसके पकड़े जाने से प्रीत विहार थाने में दर्ज वाहन चोरी की दो बड़ी ई-एफआईआर सुलझ गई हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उसने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी के वाहनों को वह कहां खपाता था। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More