घर में चोरी कर भाग रहे बदमाश को दिल्ली पुलिस ने पीछा कर दबोचा, चोरी का सामान बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की प्रीत विहार थाना पुलिस ने इलाके में मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर और आदतन सेंधमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सोहन कालिया (30 वर्ष) को उस समय दबोचा जब वह एक घर में चोरी कर सामान के साथ भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से बिजली के तार, बाथरूम फिटिंग, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, इलेक्ट्रिक जूसर और अन्य घरेलू सामान बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी एक घोषित अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के 35 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 25 मार्च को शिकायतकर्ता अब्दुल बासित जब विकास मार्ग स्थित पार्क एंड कॉलोनी में अपने घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मुख्य लोहे के गेट का ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। इसी दौरान उन्होंने बालकनी के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को हरे रंग का कट्टा (बोरा) लेकर भागते देखा। शोर मचाने पर गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल राम सिंह और कांस्टेबल बिजेंद्र ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी का पीछा किया और उसे कड़कड़ी मोड़ के पास दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके बोरे से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ।

पूछताछ के दौरान आरोपी सोहन कालिया ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह चित्रा विहार की झुग्गियों में रहता है और पूरी तरह अनपढ़ है। उसे नशे की गंभीर लत है और अपनी इस जरूरत को पूरा करने के लिए वह लगातार चोरी और सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देता है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्रीत विहार थाने में बीएनएस की धारा 305(a)/331(3)/317(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने घर से ज्वेलरी सेट, कैमरा डीवीआर, इन्वर्टर-बैटरी और तांबे-पीतल के बर्तन चोरी होने की भी जानकारी दी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सोहन कालिया एक शातिर अपराधी है जो पहले भी झपटमारी, वाहन चोरी और घर में चोरी के दर्जनों मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है ताकि घर से चोरी हुए बाकी सामान, जैसे ज्वेलरी और डीवीआर आदि को बरामद किया जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरी का सामान वह किसे बेचता था। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More