एनजीओ की आड़ में चल रहे नशा तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़, पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिले के एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने एक ऐसे नशा तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है, जो एक एनजीओ की आड़ में अवैध नशीली दवाओं का कारोबार चला रहा था। पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन आरोपियों प्रदीप (42 वर्ष), हितेश मेहता (31 वर्ष) और अमन (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 14 बोतल कोडीन आधारित कफ सिरप, बुप्रेनोर्फिन की 71 प्रतिबंधित गोलियां, 6,980 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली एक स्कूटी बरामद की है। यह गैंग नांगलोई इलाके में समाज सेवा के नाम पर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 26 मार्च को एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड के एएसआई राजेश को गुप्त सूचना मिली थी कि नांगलोई के शिवराम पार्क स्थित एक स्वैच्छिक संस्था की आड़ में अवैध ड्रग्स का कारोबार चल रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद इंस्पेक्टर राजपाल के नेतृत्व में एसआई गगनदीप, एसआई कृष्ण, एएसआई राजेश और हेड कांस्टेबल राजेश व अनुज की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने शिवराम पार्क स्थित संस्था के परिसर पर छापेमारी की और संस्था के मालिक प्रदीप व उसके साथी हितेश मेहता को दबोच लिया। तलाशी के दौरान प्रदीप के पास से 11 बोतल कोडीन सिरप व 32 नशीली गोलियां और हितेश के पास से 39 नशीली गोलियां बरामद हुईं।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना निहाल विहार में एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की। डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपने तीसरे साथी अमन के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से अमन को नांगलोई के सैनी चौक के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से 3 बोतल कोडीन सिरप और वारदात में इस्तेमाल होने वाली स्कूटी बरामद की गई।

आरोपियों का प्रोफाइल खंगालने पर पता चला कि प्रदीप इस संस्था का मालिक है और वह इसकी आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। तीनों आरोपी नांगलोई क्षेत्र के ही निवासी हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ी को जोड़ने का प्रयास कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे ये नशीली दवाएं कहां से लाते थे और उनके इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More