शकूरपुर में अनियंत्रित जेसीबी ने युवक को रौंदा, मौके पर ही दर्दनाक मौत; आरोपी चालक गिरफ्तार

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शकूरपुर इलाके में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित जेसीबी मशीन ने 27 वर्षीय युवक को बुरी तरह रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शकूरपुर स्थित कब्रिस्तान के पास की है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भागने का प्रयास कर रहे जेसीबी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब दस बजे थाना सुभाष प्लेस को सूचना मिली कि कब्रिस्तान के पास एक व्यक्ति को जेसीबी ने कुचल दिया है। सूचना पाकर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची, जहाँ सड़क पर युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान मो. हुसैन (27) के रूप में हुई है, जो शकूरपुर के के-ब्लॉक का निवासी बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जेसीबी की रफ्तार इतनी अधिक थी कि हुसैन को संभलने का तनिक भी अवसर नहीं मिला।

प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि हरियाणा नंबर की यह जेसीबी मशीन बेरीवाला बाग की ओर जा रही थी। चालक आशीष (23), जो उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले का रहने वाला है, इस भारी मशीन को पार्क समतल करने के कार्य के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान चालक की लापरवाही के कारण यह भयानक हादसा हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी चालक आशीष के विरुद्ध भारतीय न्याय संहित की धारा 281 और 106 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वाहन में कोई तकनीकी खामी थी या चालक की गंभीर लापरवाही ने एक युवा की जान ले ली। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More