बुराड़ी पुलिस ने शातिर वाहन चोर को दबोचा, चोरी के 5 दोपहिया वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिले के बुराड़ी थाना अंतर्गत सरकारी अस्पताल पुलिस चौकी की टीम ने वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी अखिलेश चंद उर्फ मोनू शुक्ला (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के 5 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने बुराड़ी, स्वरूप नगर और जाफराबाद थानों में दर्ज चोरी के कुल 5 मामलों को सुलझाने का दावा किया है। आरोपी मास्टर चाबी की मदद से सुनसान जगहों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 22 मार्च को नत्थूपुरा निवासी दीपक चंद्र यादव ने अपनी टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बुराड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गिरीश चंद्र रतुरी और चौकी प्रभारी एसआई विकास फगेरिया के नेतृत्व में एएसआई प्रमोद, हेड कांस्टेबल अरुण, धर्म, और कांस्टेबल दिनेश व उत्तम की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गुप्तचरों को सक्रिय किया। 22 मार्च की शाम पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी की बाइक के साथ इब्राहिमपुर के गुरुकुल आश्रम मार्ग पर घूम रहा है, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी अखिलेश ने बताया कि वह पिछले 12 सालों से दिल्ली में रह रहा है और पहले प्राइवेट बसों में कंडक्टर का काम करता था। बुरी संगत के कारण उसे नशे और शराब की लत लग गई, जिसे पूरा करने के लिए उसने वाहन चोरी का रास्ता चुना। वह चोरी के बाद वाहनों को दर्शन विहार के पास सूर्या प्राइम वाटिका के पीछे सुनसान इलाके में छिपा देता था और मौका पाकर उन्हें सस्ते दामों पर बेच देता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर टीवीएस अपाचे, हीरो पैशन प्रो, हीरो स्प्लेंडर और सुजुकी एक्सेस स्कूटी बरामद की है।

आरोपी का प्रोफाइल खंगालने पर पता चला कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है। वह स्कूल ड्रॉपआउट है और पिछले तीन वर्षों से लगातार वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। डीसीपी ने आगे बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने अब तक कुल कितने वाहन बेचे हैं और इस धंधे में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More