महिंद्रा पार्क पुलिस ने जहांगीरपुरी से स्कूटी चुराने वाले शातिर बदमाश को किया गिरफ्तार; बटनदार चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला अंतर्गत थाना महिंद्रा पार्क की पेट्रोलिंग टीम ने सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इलाके के घोषित बदमाश रितिक (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जो स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे 11 संगीन मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू और चोरी की एक स्कूटी बरामद की है। इस गिरफ्तारी के साथ थाना जहांगीरपुरी में दर्ज वाहन चोरी के एक महत्वपूर्ण मामले को सुलझा लिया गया है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि सड़क पर होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसीपी शालीमार बाग रोहित गुप्ता और थाना प्रभारी विजय शानवाल के निर्देश पर विशेष बीट पेट्रोलिंग की जा रही थी। 23 मार्च की रात को हेड कांस्टेबल सचिन और कांस्टेबल मनीष रामगढ़ करनाल बाईपास स्थित मदीना मस्जिद के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिया, जिसे रुकने का इशारा करने पर वह भागने लगा। मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पीछा कर दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान महिंद्रा पार्क निवासी रितिक के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ, जिसके संबंध में थाना महिंद्रा पार्क में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच करने पर पता चला कि वह जिस स्कूटी पर सवार था, वह थाना जहांगीरपुरी क्षेत्र से चोरी की गई थी। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी जरूरतों को पूरा करने और आसान पैसा कमाने के लिए अपराध की दुनिया में उतरा था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 23 वर्षीय रितिक एक आदतन अपराधी है और थाना महिंद्रा पार्क का ‘बैड कैरेक्टर’ घोषित है। उसके खिलाफ पहले से ही झपटमारी और चोरी के 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हाल के दिनों में उसने और किन वारदातों को अंजाम दिया है और वह यह अवैध हथियार कहां से लाया था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More