जमानत पर बाहर आते ही फिर शुरू की लूटपाट; अशोक विहार का शातिर बदमाश साथी समेत पुलिस की गिरफ्त में

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला अंतर्गत थाना अशोक विहार की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्नैचिंग की एक वारदात का मात्र 72 घंटे के भीतर सफल खुलासा किया है। पुलिस ने इलाके के घोषित बदमाश इम्तियाज (34 वर्ष) और एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से पीड़ित का छीना हुआ मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी बरामद कर ली है। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी इम्तियाज एक आदतन अपराधी है और उस पर लूट, स्नैचिंग और हत्या के प्रयास जैसे 28 संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि यह घटना 20 मार्च की सुबह करीब 9:45 बजे हुई थी। शिकायतकर्ता पवन गोस्वामी अपनी पत्नी और बेटी के साथ अशोक विहार फेज-1 स्थित कुलाची हंसराज मॉडल स्कूल में बेटी का रिजल्ट लेने आए थे। जब वे स्कूल के बाहर खड़े होकर कैब बुक कर रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और वजीरपुर गांव की तरफ फरार हो गए। इस संबंध में अशोक विहार थाने में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी अशोक विहार आकाश रावत और कार्यवाहक थाना प्रभारी राजीव मलिक के नेतृत्व में इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार, एएसआई राकेश, हेड कांस्टेबल करण और दरवेश की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और मुर्गा मार्केट इलाके से इम्तियाज और उसके नाबालिग साथी को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी इम्तियाज का दिल्ली में कोई स्थायी पता नहीं है और वह एक वैगाबॉन्ड है। वह हाल ही में नवंबर 2025 में मॉडल टाउन के एक लूट के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। बाहर आने के बाद उसने फिर से वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। पुलिस ने उसके पास से जो स्कूटी बरामद की है, वह भी थाना सराय रोहिल्ला क्षेत्र से चोरी की गई थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More