सुभाष प्लेस थाना पुलिस ने तीन शातिर स्नैचरों को गिरफ्तार किया, दो मोटरसाइकिल और छीने गए मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला अंतर्गत थाना सुभाष प्लेस की पुलिस टीम ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो बड़ी कार्रवाइयों में तीन शातिर स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस मुस्तैदी से इलाके में सक्रिय स्नैचिंग सिंडिकेट को करारा झटका लगा है। पकड़े गए आरोपियों में आदर्श नगर थाने का घोषित बदमाश हिमांशु भी शामिल है, जो अकेले 20 से अधिक वारदातों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने इन गिरफ्तारियों के साथ ही झपटमारी और चोरी के सात से अधिक मामलों को सुलझाने का दावा किया है। इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और छीने गए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पहली सफलता सुभाष प्लेस की पेट्रोलिंग टीम को उस समय मिली जब कॉन्स्टेबल प्रिंस ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए स्नैचिंग कर भाग रहे दो बदमाशों को रंगे हाथों दबोच लिया। बीते 22 मार्च की रात एनएसपी मॉल के सामने समीर नामक युवक से पल्सर सवार बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया था। पीड़ित ने शोर मचाया तो गश्त पर तैनात कॉन्स्टेबल प्रिंस ने ऑटो चालक के साथ मिलकर बदमाशों का पीछा किया। हर्ष विहार चौक पर पुलिस को पीछे देख घबराए बदमाशों की बाइक फिसल गई, जिससे मोहम्मद समीर और मोहम्मद रफीक घायल हो गए। पुलिस ने समीर को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि गंभीर रूप से घायल रफीक को आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी नबी करीम और बुध विहार के रहने वाले हैं और पूर्व में 12 आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।

दूसरी बड़ी कामयाबी एक विशेष जांच टीम के हाथ लगी, जिसने ब्रिटानिया फ्लाईओवर के पास हुई स्नैचिंग की गुत्थी सुलझाते हुए शातिर लुटेरे हिमांशु उर्फ महेश त्रिवेदी (27) को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर तेज पाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इस ब्लाइंड केस को सुलझाने के लिए करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और करीब 10 किलोमीटर तक आरोपियों को ट्रैक करने के बाद पुलिस मुकुंदपुर की गली नंबर 16 तक पहुंची और जाल बिछाकर हिमांशु को दबोच लिया। आरोपी हिमांशु आदर्श नगर थाने का ‘बैड कैरेक्टर’ है और उस पर लूट व चोरी के 20 मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथी राहुल चौधरी के साथ मिलकर वारदातें करता था।

पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि इन गिरफ्तारियों से सुभाष प्लेस इलाके में दर्ज स्नैचिंग की छह अन्य एफआईआर और एक ई-एफआईआर का निपटारा हुआ है। हिमांशु अपनी ही मोटरसाइकिल का उपयोग वारदातों के लिए करता था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। फरार आरोपी राहुल चौधरी की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस अब इन अपराधियों के अन्य नेटवर्क और चोरी के मोबाइल खरीदने वालों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More