सोशल मीडिया पर अवैध पिस्टल से फायरिंग की रील बनाना पड़ा महंगा; स्पेशल स्टाफ ने दबोचा, हथियार बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला अंतर्गत स्पेशल स्टाफ की टीम ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक वायरल वीडियो (रील) का संज्ञान लेते हुए 18 वर्षीय आरोपी विकास उर्फ बल्लू को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुलेआम पिस्टल से फायरिंग करते हुए वीडियो बनाकर इलाके में अपना दबदबा कायम करना चाहता था। पुलिस ने इसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक अत्याधुनिक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक सरेआम पिस्टल से फायरिंग करता दिख रहा था। इससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस रणजीत ढाका के मार्गदर्शन और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर सोमवीर सिंह के नेतृत्व में एसआई अजय कुमार, एएसआई मनोज और उनकी टीम को आरोपी की धरपकड़ का जिम्मा सौंपा गया।

पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान आजादपुर के लाल बाग निवासी विकास उर्फ बल्लू के रूप में की। 21 मार्च को सूचना मिली कि आरोपी लाल बाग झुग्गी बस्ती में घूम रहा है। स्पेशल स्टाफ ने रामलीला ग्राउंड के पास घेराबंदी कर जाल बिछाया। पुलिस को देखते ही आरोपी संकरी गलियों में भागने लगा, लेकिन मुस्तैद जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसकी निशानदेही पर छिपाकर रखी गई .32 बोर की अत्याधुनिक पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ के दौरान 18 वर्षीय विकास ने कबूल किया कि उसे अवैध हथियार रखने और उनका दिखावा करने का शौक है। वह सोशल मीडिया पर रील डालकर अपराधियों जैसा रसूख बनाना चाहता था। पुलिस ने इस संबंध में थाना आदर्श नगर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन उसके इस कृत्य ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

डीसीपी ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था को चुनौती न दें। उन्होंने साफ किया कि सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर दें। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी को यह अत्याधुनिक हथियार कहां से और किसने उपलब्ध कराया था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More