सीमापुरी पुलिस ने अवैध हथियार के साथ शातिर अपराधी को किया गिरफ्तार; चोरी की एक्टिवा, कैमरा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के शाहदरा जिला अंतर्गत थाना सीमापुरी की टीम ने इलाके में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बटनदार चाकू, चोरी की एक होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक सीपीडब्ल्यू कैमरा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वारिस (19 वर्ष), निवासी सुंदर नगरी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि वारिस एक आदतन अपराधी है और दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज स्नैचिंग और चोरी के कई मामलों में संलिप्त रहा है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 23 मार्च की शाम करीब चार बजे हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार, चंदन और कांस्टेबल सुनील सीमापुरी गोलचक्कर के पास गश्त पर थे। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार के साथ मीना मार्केट की ओर जाने वाला है। पुलिस टीम ने तुरंत मीना मार्केट सर्विस रोड पर जाल बिछाया। करीब 4:20 बजे जब आरोपी स्कूटी पर वहां पहुंचा, तो पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।

तलाशी के दौरान वारिस के पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। जांच करने पर पता चला कि वह जिस स्कूटी पर सवार था, वह थाना जगतपुरी क्षेत्र से चोरी की गई थी। गहन पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक चोरी का कैमरा भी बरामद किया है, जो सीमापुरी इलाके से ही चुराया गया था। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने सीमापुरी, जगतपुरी और मौरिस नगर थानों में दर्ज चोरी और स्नैचिंग के तीन महत्वपूर्ण मामलों को सुलझा लिया है।

डीसीपी ने आगे बताया कि शाहदरा जिले में अपराध रोकने के लिए चलाए जा रहे एक विशेष अभियान के तहत थाना आनंद विहार की टीम ने भी दो अन्य बदमाशों को अवैध चाकुओं के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिवम उर्फ बिलाल (24 वर्ष), निवासी नंद नगरी और आसिफ (23 वर्ष), निवासी सुंदर नगरी के रूप में हुई है। इन दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

मुख्य आरोपी वारिस पहले भी झपटमारी और सेंधमारी के 3 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन आरोपियों ने हाल के दिनों में दिल्ली-एनसीआर के अन्य किन इलाकों में वारदातों को अंजाम दिया है। शाहदरा जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह का सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More