दिल्ली पुलिस ने 160 मामलों में संलिप्त कुख्यात स्नैचर ‘जुड़ी’ को किया गिरफ्तार; सोने-चांदी के जेवरात और स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला अंतर्गत थाना महेंद्र पार्क (न्यू सब्जी मंडी चौकी) की टीम ने अपराध जगत के एक बड़े चेहरे और कुख्यात स्नैचर को गिरफ्तार करने में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। पुलिस ने अर्जुन उर्फ गोपू उर्फ जुड़ी (37 वर्ष) नामक एक ऐसे अपराधी को दबोचा है, जिसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, सशस्त्र डकैती और लूट जैसे 160 संगीन मामले दर्ज हैं। आरोपी थाना आदर्श नगर का घोषित अपराधी है। पुलिस ने इसके कब्जे से दो सोने की चेन, एक चांदी की चेन, तीन बालियां और वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद-काले रंग की यामाहा स्कूटी बरामद की है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 19 जनवरी को महेंद्र पार्क इलाके में एक महिला से सोने की चेन छीनने की वारदात हुई थी। इस मामले में पहले गिरफ्तार हुए आरोपी जोंटी ने खुलासा किया था कि इस वारदात का मास्टरमाइंड अर्जुन उर्फ जुड़ी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी शालीमार बाग रोहित गुप्ता और थाना प्रभारी विजय शंवाल के नेतृत्व में चौकी प्रभारी एसआई सचिन और उनकी टीम ने मुकर्बा चौक पर जाल बिछाया। 19 मार्च को जब आरोपी स्कूटी पर वहां पहुंचा, तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। आरोपी ने यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे दबोच लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर है और गिरफ्तारी से बचने के लिए अर्जुन, गोपू, विनय, कुणाल, साहिल, सुरेंद्र, राहुल, सरदार और जुड़ी जैसे 9 अलग-अलग नामों का इस्तेमाल करता था। आरोपी ने कबूल किया कि उसने हाल ही में 17 मार्च को अपने साथियों के साथ मिलकर अशोक विहार, भारत नगर और मुखर्जी नगर इलाकों में तीन चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया सारा सामान बरामद कर लिया है।

इस गिरफ्तारी के साथ दिल्ली पुलिस ने महेंद्र पार्क, भारत नगर, अशोक विहार, मुखर्जी नगर, जहांगीरपुरी, सुभाष प्लेस और वजीराबाद थानों में दर्ज स्नैचिंग और चोरी के 7 महत्वपूर्ण मामलों को सुलझा लिया है। आरोपी लालबाग, आदर्श नगर का निवासी है और वह लंबे समय से दिल्ली पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने लूटे हुए जेवरात और किन-किन जगहों पर ठिकाने लगाए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More