मुखर्जी नगर पुलिस ने सुलझाई बुजुर्ग महिला के घर हुई चोरी की गुत्थी; जम्मू से गिरफ्तार हुआ आरोपी नौकर, ₹2.21 लाख बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला अंतर्गत थाना मुखर्जी नगर की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनके प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए चोरी के एक सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने टैगोर पार्क इलाके में एक बुजुर्ग महिला के घर से ₹3.5 लाख चोरी कर फरार हुए नौकर तिलकराम (23 वर्ष) को जम्मू से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से ₹1.17 लाख नकद बरामद किए हैं, जबकि उसके बैंक खाते में जमा ₹1.04 लाख की राशि को ट्रेस कर फ्रीज करवा दिया है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 16 मार्च को टैगोर पार्क निवासी 66 वर्षीय आरती जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 मार्च की शाम उनके घर से ₹3.5 लाख गायब हैं। शक उनके नौकर तिलकराम पर था, जो बिना बताए घर से लापता हो गया था। मामले की गंभीरता और पीड़ित के वरिष्ठ नागरिक होने के चलते एसीपी मॉडल टाउन सुरेश चंद्र और थाना प्रभारी राजीव शाह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल विश्वजीत, प्रदीप, मस्त राम और कांस्टेबल अनिरुद्ध की एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी का पीछा किया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी तिलकराम दिल्ली छोड़कर जम्मू भाग गया है, जहां उसके कुछ परिचित ढाबों में काम करते थे। दिल्ली पुलिस की टीम तुरंत जम्मू पहुंची और स्थानीय सूत्रों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। 19 मार्च की शाम को जम्मू के एक व्यस्त बाजार में जब आरोपी शराब खरीद रहा था, तभी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान बहराइच (यूपी) निवासी तिलकराम ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह मेहनत की जगह चोरी के पैसों से आलीशान जीवनशैली और ऐशो-आराम की जिंदगी जीना चाहता था। चोरी के बाद उसने अपनी जरूरतों और शराब पर काफी पैसे खर्च किए। पकड़े जाने के डर से उसने ₹1.04 लाख अपने फिनो बैंक खाते में जमा करा दिए थे। आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था, लेकिन आसान पैसे के लालच ने उसे अपराधी बना दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को दिल्ली ले आई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More