मास्क और रुमाल भी नहीं बचा सके पहचान: वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में 300 किलो स्टील चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला अंतर्गत थाना अशोक विहार (WPIA चौकी) की टीम ने तकनीकी जांच और मुस्तैदी का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए एक ब्लाइंड सेंधमारी मामले को मात्र 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों गोविंद उर्फ पंगे (24 वर्ष) और राम भवन उर्फ खटमल (23 वर्ष) के साथ दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से फैक्ट्री से चोरी किया गया 250-300 किलोग्राम वजनी स्टील का गोला और वारदात में इस्तेमाल की गई ई-स्कूटी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 21 मार्च की रात वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री का ताला तोड़कर भारी-भरकम स्टील बंडल चोरी कर लिया गया था। घटना के समय कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं था और आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क, कैप और रुमाल बांध रखे थे, जिससे मामला पूरी तरह ‘ब्लाइंड’ नजर आ रहा था। पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एसीपी आकाश रावत और चौकी प्रभारी एसआई रोहित चाहर के नेतृत्व में गठित टीम ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो पाया कि आरोपी चोरी का भारी सामान ले जाने के लिए एक ई-स्कूटी का इस्तेमाल कर रहे थे। टीम ने पेशेवर तरीका अपनाते हुए संबंधित सेवा प्रदाता से इलाके में चलने वाली लगभग 1300 ई-स्कूटी का डेटा प्राप्त किया। तकनीकी विश्लेषण और चरणबद्ध तरीके से डेटा की छंटाई करने के बाद पुलिस ने उस विशेष ई-स्कूटी की पहचान कर ली जो वारदात के समय वहां मौजूद थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर चारों आरोपियों को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने फैक्ट्री से चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था, लेकिन उन्होंने जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने वारदात के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन आरोपियों ने इलाके की अन्य फैक्ट्रियों में भी इस तरह की छोटी-मोटी चोरियां की हैं। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More