शटर तोड़कर दुकान साफ करने वाले चार शातिर बदमाश दबोचे; चोरी की कार और लोहे की रॉड बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला अंतर्गत स्पेशल टास्क फोर्स की टीम ने इलाके में सक्रिय सेंधमारों के एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की रेनॉल्ट क्विड कार, शटर तोड़ने वाली लोहे की रॉड, नकदी और चोरी की गई 85 टी-शर्ट व पैंट बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुस्ने मुबारक उर्फ बाव्वा (26 वर्ष), मुख्त्यार आलम (32 वर्ष), मोहम्मद अख्तर उर्फ रवि (35 वर्ष) और सोफीधर उर्फ कालू (26 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी शाहबाद डेयरी इलाके के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ पहले से ही चोरी व लूट के 15 से अधिक मामले दर्ज हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि क्षेत्र में दुकानों के शटर तोड़कर होने वाली चोरियों को रोकने के लिए एसीपी सीएडब्ल्यू सेल राजीव कुमार और STF इंचार्ज इंस्पेक्टर संदीप यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, जिसमें एक संदिग्ध ‘क्विड’ कार (HR 51 BR 1494) बार-बार घटनास्थल के पास दिखाई दे रही थी। जांच में पता चला कि यह कार शाहबाद डेयरी इलाके से चोरी हुई थी। 20 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे सभी स्मैक के नशे के आदी हैं और अपने नशे की लत को पूरा करने के लिए दुकानों के शटर तोड़कर गल्ले से नकदी और कीमती सामान चोरी करते थे। आरोपी देर रात को चोरी की कार से निकलते थे और लोहे की रॉड की मदद से शटर उखाड़कर अंदर प्रवेश करते थे। उनकी पहचान संबंधित दुकानों के सीसीटीवी कैमरों में भी हुई है, जहाँ वे वारदात को अंजाम देते हुए स्पष्ट देखे गए हैं।

इस गिरोह की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने सुभाष प्लेस, केशव पुरम और मॉडल टाउन जैसे इलाकों में दर्ज सेंधमारी के 13 महत्वपूर्ण मामलों को सुलझा लिया है। इनके पास से ₹1850 नकद और ₹428 के सिक्के भी बरामद हुए हैं, जो इन्होंने दुकानों के कैश बॉक्स से चुराए थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोहम्मद अख्तर उर्फ रवि और हुस्ने मुबारक पुराने आदतन अपराधी हैं जो पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस इनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि अन्य संभावित वारदातों और चोरी के सामान के खरीदारों का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More