बिहार से आकर दिल्ली में सप्लाई कर रहा था नशा, स्मैक और कोकीन के साथ तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला अंतर्गत एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सुल्तानपुरी इलाके में जाल बिछाकर एक शातिर ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 20 ग्राम स्मैक और 04 ग्राम कोकीन बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम प्रकाश (26 वर्ष), निवासी गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की सप्लाई रोकने के लिए एसीपी ऑपरेशंस वीरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन और स्क्वाड प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल के नेतृत्व में एसआई राज कुमार, मुकेश, एएसआई दिलबाग और हेड कांस्टेबल दिनेश की एक विशेष टीम गठित की गई थी। 23 मार्च को टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति सुल्तानपुरी के EWS फ्लैट्स के पास नशीले पदार्थों की बड़ी खेप पहुंचाने आने वाला है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चिन्हित स्थान पर जाल बिछाया। कुछ समय बाद एक मोटरसाइकिल सवार वहां पहुंचा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी भांपकर उसने यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया। मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर स्मैक और कोकीन होने की पुष्टि हुई।

पूछताछ में सामने आया कि ओम प्रकाश दिल्ली के विभिन्न इलाकों में कोकीन और स्मैक की सप्लाई करने का काम करता है। पुलिस ने इस संबंध में थाना सुल्तानपुरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाता था और दिल्ली में इसके नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। इस गिरोह के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने के लिए तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More