मंगोलपुरी में चलती बस का एक्सल टूटा, पेड़ और खंभे से टकराई, राहगीर गंभीर रूप से घायल

नई दिल्ली: दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में सोमवार को एक क्लस्टर बस के अनियंत्रित होकर पेड़ और बिजली के खंभे से टकराने के कारण एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब बस का अगला एक्सल (धुरा) अचानक टूट गया, जिससे चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया। बस सीधे फुटपाथ पर जा चढ़ी और वहां खड़े एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, क्लस्टर बस रूट नंबर 840 पर काला मंदिर रोड से होते हुए मंगोलपुरी थाने की ओर जा रही थी। जैसे ही बस मंगोलपुरी पुलिस कॉलोनी के पास पहुंची, अचानक चालक की तरफ का अगला एक्सल टूट गया। संतुलन बिगड़ते ही बस अनियंत्रित होकर फुटपाथ के पास लगे एक पेड़ और बिजली के खंभे से जा टकराई। इस दौरान वहां मौजूद मंगोलपुरी निवासी 30 वर्षीय नितिन इसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में नितिन को तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, नितिन के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है। गनीमत यह रही कि बस की रफ्तार बहुत अधिक नहीं थी, वरना एक बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। बस में सवार अन्य यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने बस चालक नरेंद्र को मौके पर ही हिरासत में ले लिया है। आरोपी चालक उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहने वाला है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस में आई तकनीकी खराबी प्रतीत हो रहा है, लेकिन वाहन के रखरखाव में लापरवाही की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और परिवहन विभाग को भी इस तकनीकी विफलता की सूचना दे दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More