कंझावला में 30 हजार के विवाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग ने की पड़ोसी की हत्या; पुलिस ने आरोपी को दबोचा, खून से सने कपड़े और डंडा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला अंतर्गत थाना कंझावला की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके में हुई एक सनसनीखेज हत्या की वारदात को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में 70 वर्षीय आरोपी दिनेश शर्मा को गिरफ्तार किया है, जिसने महज 30,000 रुपये के उधारी विवाद के चलते अपने पड़ोसी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा और घटना के वक्त पहने गए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।

रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि 16 मार्च को कंझावला इलाके में झगड़े की एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुँची पुलिस को पता चला कि 55 वर्षीय अगलू गंभीर रूप से घायल है, जिसे पहले संजय गांधी अस्पताल और बाद में सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी सविता (30 वर्ष) के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। सविता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसने और उसके पति ने आरोपी दिनेश से 30,000 रुपये का कर्ज लिया था, जिसे लेकर अक्सर विवाद होता रहता था और इसी रंजिश में दिनेश ने उसके पति पर हमला किया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी बेगमपुर सार्थक त्यागी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर सुरेंद्र, एसआई प्रवीण तोमर और उनकी टीम ने जांच शुरू की। मोबाइल क्राइम टीम और एफएसएल रोहिणी की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने पैतृक गांव समस्तीपुर, बिहार भागने की योजना बना रहा है। पुलिस की एक टीम तुरंत बिहार भेजी गई और वहां संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि आरोपी दिल्ली के कंझावला इंडस्ट्रियल एरिया के पास ही कहीं छिपा है, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी दिनेश शर्मा ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उधारी के पैसों को वापस न मिलने के गुस्से में उसने आपा खो दिया और अगलू पर डंडे से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वह डंडा और उसके कपड़े बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More