मोती नगर से पश्चिम विहार तक आतंक मचाने वाले स्नैचर्स काबू, चोरी की बाइक और 3 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला अंतर्गत थाना पश्चिम विहार ईस्ट की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके में सक्रिय दो बेहद शातिर झपटमारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों को वारदात को अंजाम देने के कुछ ही घंटों के भीतर दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक (27 वर्ष) और जीतू उर्फ साजन (22 वर्ष) के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ कि जीतू उर्फ साजन थाना अशोक विहार का घोषित अपराधी है और दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के 15 से अधिक मामले दर्ज हैं।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 22 मार्च की सुबह करीब 10:00 बजे एक महिला पीरागढ़ी से पश्चिम विहार ईस्ट मेट्रो स्टेशन की ओर जा रही थी, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स में दो मोबाइल फोन, कैश और जरूरी दस्तावेज थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी राजबीर लांबा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी राजपाल के नेतृत्व में एसआई गौरव, हेड कांस्टेबल कुलदीप, मंजीत, कांस्टेबल तरुण और नीतू की एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल से लेकर भागने के रास्तों तक के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी ग्रिड की मदद से पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और उनका रूट नेताजी सुभाष प्लेस तक ट्रेस कर लिया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान इनके पास से महिला का छीना गया पर्स, नकदी और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में पता चला कि बरामद तीसरा मोबाइल उसी दिन सुबह 9:15 बजे थाना मोती नगर इलाके से छीना गया था।

पुलिस पड़ताल में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल थाना शालीमार बाग इलाके से चोरी की गई थी। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने पश्चिम विहार ईस्ट, मोती नगर और शालीमार बाग थानों के तीन महत्वपूर्ण मामलों को सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3 मोबाइल फोन, चोरी की बाइक और ₹2,000 नकद बरामद किए हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More