‘ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड’ के तहत दो शातिर झपटमारों को किया गिरफ्तार; चोरी की बाइक और लूटा गया मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला अंतर्गत एंटी स्नैचिंग एंड बर्गरलरी सेल ने ‘ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोबाइल झपटमारी के एक मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से लूटा गया सैमसंग मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाजन अंसारी (25 वर्ष), निवासी शहीद नगर, गाजियाबाद और जीशान (23 वर्ष), निवासी ओल्ड सीमापुरी के रूप में हुई है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 18 मार्च को पीड़ित सुनील पी.डी. विहार इलाके में पैदल अपने ऑफिस जा रहे थे। इसी दौरान काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने बहादुरी दिखाते हुए उनकी मोटरसाइकिल पकड़ ली, जिसके बाद पीछे बैठे आरोपी ने खुद को छुड़ाने के लिए मोबाइल फेंक दिया और दोनों मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना लक्ष्मी नगर में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के मार्गदर्शन और ASB सेल प्रभारी एसआई अजय तोमर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल शैलेंद्र, मनेंद्र, सुबोध और कांस्टेबल अनंतपाल की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और भागने के रास्तों के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपियों की पहचान सुनिश्चित हुई। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने गाजियाबाद में छापेमारी कर शाजन अंसारी को दबोचा और उसकी निशानदेही पर जीशान को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं और अपनी नशीली दवाओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए स्नैचिंग और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। जांच में यह भी पता चला कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल गाजियाबाद के थाना कोतवाली इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के वे कपड़े भी बरामद कर लिए हैं, जो उन्होंने वारदात के समय पहने हुए थे। फिलहाल पुलिस इनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More