AATS ने सुलझाई स्कूटी चोरी की गुत्थी; तीन सक्रिय वाहन चोर काबू, चोरी की स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला अंतर्गत एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) की टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लक्ष्मी नगर इलाके से चोरी हुई एक होंडा एक्टिवा स्कूटी को बरामद करते हुए एक शातिर अपराधी और दो नाबालिगों को पकड़ा है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान विशाल (22 वर्ष), निवासी पंडित मोहल्ला, मंडावली के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि विशाल पहले भी चोरी और झपटमारी के कई संगीन मामलों में शामिल रहा है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 19 मार्च को इमरान अहमद नामक व्यक्ति ने लक्ष्मी नगर थाने में अपनी स्कूटी चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के मार्गदर्शन और AATS प्रभारी इंस्पेक्टर पवन यादव के नेतृत्व में एएसआई दीपक त्यागी, अर्जुन चौधरी, अजीत और कांस्टेबल अंकित की एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने वारदात स्थल और संदिग्धों के भागने के रास्तों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी निगरानी और जमीनी खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का रूट ट्रेस किया और मंडावली इलाके से विशाल और उसके दो नाबालिग साथियों को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और उनकी निशानदेही पर चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली गई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 22 वर्षीय विशाल एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही मधु विहार, लक्ष्मी नगर और शकरपुर थानों में चोरी और झपटमारी के 3 संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह ने दिल्ली के अन्य इलाकों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले में आगे की तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More