सीलमपुर में सर्राफा कारोबारी से सोना और स्कूटी लूटी, स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने घेराबंदी कर दिया अंजाम, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: दिल्ली के सीलमपुर थाना इलाके में सोमवार रात बेखौफ बदमाशों ने चांदनी चौक के एक सर्राफा कारोबारी और उनके पिता को निशाना बनाते हुए फिल्मी अंदाज में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले स्कूटी से टक्कर मारकर पिता-पुत्र को गिराया और फिर कार सवार अपने साथियों के साथ मिलकर सोने की चेन, सोने की ईंट (गोल्ड बार) और उनकी स्कूटी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बदमाशों की स्कॉर्पियो कार का पीछा किया, जिसे लुटेरे भोपुरा बॉर्डर के पास लावारिस छोड़कर भाग निकले।

मिली जानकारी के अनुसार, शाहदरा के राम नगर निवासी 24 वर्षीय प्रथम बंसल अपने पिता अनिश बंसल के साथ चांदनी चौक के कूचा महाजनी में सोने का व्यापार करते हैं। सोमवार रात करीब 08:30 बजे जब दोनों पिता-पुत्र अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी वेलकम मेट्रो स्टेशन के पास दूसरी स्कूटी पर सवार दो युवकों ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। इसी बीच, पीछे से एक यूपी नंबर की स्कॉर्पियो कार आई, जिसमें सवार दो अन्य बदमाश भी इस झगड़े में शामिल हो गए और मौका मिलते ही व्यापारियों से सोना और उनकी स्कूटी छीनकर रफूचक्कर हो गए।

वारदात की सूचना मिलते ही उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने वायरलेस पर संदेश प्रसारित कर नाकेबंदी कर दी। पुलिस की मुस्तैदी के कारण संदिग्ध स्कॉर्पियो कार को भोपुरा बॉर्डर के पास ट्रैक कर लिया गया। पुलिस को करीब आता देख बदमाश गाड़ी को बीच सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है, जिसकी तलाशी के दौरान अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

सीलमपुर थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 3/5 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं जो सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों के रूट को मैप कर रही हैं। पुलिस को अंदेशा है कि बदमाशों ने रेकी करने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया है। सर्राफा बाजार के व्यापारियों ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है और पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More