भजनपुरा में सरेराह चाकूबाजी, जेपीसी अस्पताल में किशोर ने तोड़ा दम, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिला अंतर्गत भजनपुरा इलाके में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात खूनी खेल खेला गया। नॉर्थ घोंडा के सुभाष विहार स्थित कृष्णा मंदिर के पास अज्ञात हमलावरों ने 18 वर्षीय युवक मो. आसिफ पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन युवक को लेकर अस्पताल भागे, लेकिन घाव गहरे होने के कारण उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और शोक का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 12 बजे के बाद भजनपुरा थाने को चाकूबाजी की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम सुभाष विहार पहुंची, तो पता चला कि घायल आसिफ को उसके परिजन तुरंत जेपीसी अस्पताल ले गए हैं। अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को जानकारी मिली कि सुभाष मोहल्ला निवासी आसिफ (18) की मृत्यु हो चुकी है। डॉक्टरों के अनुसार, मृतक के शरीर पर चाकू के कई गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। टीम ने मौके से खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर कितनी संख्या में थे और आसिफ के साथ उनकी क्या रंजिश थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही घावों की प्रकृति और हमले के तरीके की सटीक जानकारी मिल सकेगी।

भजनपुरा थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं जो आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। फिलहाल इलाके में एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More