कमला मार्केट में दिनदहाड़े चेन छीनने वाला शातिर झपटमार गिरफ्तार, सोने की चेन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के मध्य जिला अंतर्गत थाना कमला मार्केट की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की एक सनसनीखेज वारदात को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आदतन अपराधी अरशान अली (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से लूटी गई 13 ग्राम सोने की चेन बरामद कर ली गई है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल थाना मोती नगर इलाके से चोरी की गई थी।

मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि यह घटना 2 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 10:00 बजे हुई थी, जब एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मिंटो रोड से कनॉट प्लेस की ओर जा रहा था। शिवाजी पार्क बस स्टैंड के पास पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर पीड़ित के गले से सोने की चेन छीन ली और आईटीओ की ओर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसआई राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल अंकुश और नरेश की एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण के जरिए वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल का नंबर ट्रेस किया गया। जांच करने पर पता चला कि उक्त बाइक जून 2025 में मोती नगर इलाके से चोरी हुई थी। इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर गांधी मार्केट निवासी अरशान अली को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी अरशान अली ने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से लूटी गई 13 ग्राम सोने की चेन बरामद कर ली। आरोपी अरशान अली केवल 9वीं कक्षा तक पढ़ा है और एक कार रिपेयरिंग वर्कशॉप में काम करता है, लेकिन वह अपराध का आदी है। उसके खिलाफ इंद्रप्रस्थ एस्टेट और हौज काजी थानों में चोरी, झपटमारी और मारपीट के 4 संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इस मामले में शामिल उसके दूसरे फरार साथी की तलाश में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More