मोमोज खाकर लौट रहे युवक पर चाकू से हमला: आनंद पर्वत पुलिस ने 2 नाबालिगों को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के मध्य जिला अंतर्गत थाना आनंद पर्वत की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों को पकड़ा है, जिनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया खंजर बरामद कर लिया गया है। हैरानी की बात यह है कि पकड़े गए दोनों नाबालिग पहले भी लूट और हत्या के प्रयास जैसे संगीन मामलों में शामिल रहे हैं।

मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 21 मार्च की शाम करीब 5:30 बजे फरीदपुरी सब्जी मंडी के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। पीड़ित युवक अपने दोस्त के साथ मोमोज खाकर लौट रहा था, तभी गुरुद्वारा वाली गली के पास उसकी टक्कर एक लड़के से हो गई। इस मामूली बात पर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि दो लड़कों ने पीड़ित को जबरन एक सुनसान गली में ले जाकर उसकी पीठ और जांघों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घायल को तुरंत सरदार पटेल अस्पताल और बाद में कलावती सरन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी पटेल नगर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी आनंद पर्वत के नेतृत्व में एएसआई यादराम, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, सुनील, सरवन, अजय और कांस्टेबल अमित की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने दोनों हमलावरों की पहचान की और उन्हें धर दबोचा।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों नाबालिग (उम्र 15 वर्ष) पहले से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय हैं। इनमें से एक आरोपी पटेल नगर थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में शामिल रहा है, जबकि दूसरा भी बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत दर्ज मामले में संलिप्त पाया गया है। आरोपियों ने कबूल किया कि टक्कर होने के बाद उपजे गुस्से में उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हमलावर ‘ए’ के कब्जे से खंजर बरामद कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More