मोबाइल छीनकर डेटा के नाम पर ब्लैकमेल करता शातिर को नबी करीम पुलिस ने दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के मध्य जिला अंतर्गत थाना नबी करीम की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक ऐसे शातिर झपटमार को गिरफ्तार किया है, जो न केवल मोबाइल छीनता था, बल्कि पीड़ित के निजी डेटा का डर दिखाकर उससे फिरौती भी वसूलता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटा गया Vivo T1X मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नबी करीम के अमर पुरी इलाके का ही रहने वाला है।

मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 21 मार्च की शाम अमर पुरी में अग्रवाल क्लॉथ शॉप के पास एक व्यक्ति से मोबाइल छीनने की वारदात हुई थी। सूचना मिलते ही एसीपी पहाड़गंज के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी नबी करीम के नेतृत्व में एसआई नीरज राठी और कांस्टेबल राहुल की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पीड़ित को साथ लेकर इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। फिरोज होटल के पास पीड़ित ने संदिग्ध को पहचान लिया, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से छीना गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ के दौरान आरोपी विशाल ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह आसान पैसा कमाने के लिए मोबाइल छीनता था। वारदात के बाद वह दूसरे के फोन का इस्तेमाल कर पीड़ित से संपर्क करता था और फोन में मौजूद ‘पर्सनल डेटा’ वापस करने के बदले में पैसों की मांग करता था। डेटा लीक होने के डर से अक्सर पीड़ित उसकी मांग मान लेते थे।

जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ सिविल लाइंस, सदर बाजार, मंदिर मार्ग और नबी करीम थानों में हत्या के प्रयास, लूट और झपटमारी के 6 संगीन मामले दर्ज हैं। वह सदर बाजार के एक मामले में अदालत से जारी गैर-जमानती वारंट के चलते वांछित भी था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। फिलहाल पुलिस उसे गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ कर रही है ताकि उसके द्वारा की गई अन्य ब्लैकमेलिंग की घटनाओं का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More