परीक्षा देकर निकल रहे छात्र पर जानलेवा हमला, भारी बारिश के बीच ढूँढा वारदात में प्रयुक्त हथियार, दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के मध्य जिला अंतर्गत थाना आई.पी. एस्टेट (एलएनजेपी चौकी) की टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक छात्र पर हुए जानलेवा हमले के मामले को महज 2 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी सुफियान (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके एक नाबालिग साथी (17+ वर्ष) को हिरासत में लिया है। आरोपी वारदात के बाद दिल्ली छोड़कर भागने की फिराक में थे, जिन्हें पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से रंगे हाथ दबोच लिया गया।

मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 18 मार्च की शाम को सूचना मिली थी कि आंध्र एजुकेशन सोसाइटी के बाहर एक छात्र पर धारदार हथियार से हमला हुआ है। घायल छात्र अजमेरी गेट स्थित एंग्लो अरेबिक स्कूल का छात्र है और वह वहां परीक्षा देने आया था। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत लोक नायक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कमला मार्केट के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी घनश्याम किशोर के नेतृत्व में चौकी प्रभारी (एलएनजेपी) एसआई गौरव दलाल और उनकी टीम ने तुरंत जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों का पीछा किया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हैं और शहर छोड़ने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को वहां से पकड़ लिया। पूछताछ के बाद, नाबालिग आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया मैकेनिकल टूल भी बरामद कर लिया गया। यह बरामदगी रात के समय भारी बारिश और खराब मौसम के बावजूद एक पेड़ के नीचे से की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि पीड़ित छात्र के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा था। वारदात वाले दिन भी परीक्षा से पहले उनके बीच कहासुनी हुई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद दोनों आरोपियों ने स्कूल गेट के बाहर छात्र का इंतजार किया। जैसे ही वह बाहर आया, एक ने उसे पकड़ा और दूसरे ने उसके सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More