हौज खास में सेंधमारी करने वाले 4 शातिर लुटेरे गिरफ्तार, 6.3 किलो चांदी, तांबा और पीतल के जेवर बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के मध्य जिला अंतर्गत थाना प्रसाद नगर की मुस्तैद पेट्रोलिंग टीम ने एक दुस्साहसिक कार्रवाई करते हुए सेंधमारी करने वाले एक अंतर-इलाका गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.350 किलोग्राम चोरी की चांदी, तांबा और पीतल की संपत्ति बरामद की है, जिसमें बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण, सिक्के, मूर्तियां और बर्तन शामिल हैं। जांच में खुलासा हुआ कि यह पूरी संपत्ति दक्षिण दिल्ली के थाना हौज खास क्षेत्र से चोरी की गई थी।

मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि रात के समय आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गठित विशेष पेट्रोलिंग टीम के एएसआई जोहरीलाल, हेड कांस्टेबल विनीत, लोकेश और कांस्टेबल शुभम 20 मार्च को बापा नगर इलाके में गश्त पर थे। रात के समय आर्य समाज रोड स्थित सीपीडब्ल्यूडी खंडर के पास टीम ने दो बड़े बैग लेकर जा रहे चार संदिग्ध युवकों को देखा। पुलिस को देखते ही चारों आरोपी भागने लगे, लेकिन सतर्क जवानों ने लंबी दौड़ लगाकर चारों को धर दबोचा।

आरोपियों के बैग की तलाशी लेने पर पुलिस की आंखें फटी रह गई। बैग के अंदर से चांदी के फोटो फ्रेम, गिलास, कटोरे, लक्ष्मी जी का सिंहासन, कृष्णा की मूर्ति, चांदी की तगड़ी (कमरबंद), भारी मात्रा में पायल, सिक्के और बर्तन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह सारा सामान थाना हौज खास इलाके से एक घर की सेंधमारी के दौरान चुराया था।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मो. नसीम (25 वर्ष), शेख सरफराज (22 वर्ष), मो. कादिर (20 वर्ष) और दिलशाद (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी मो. नसीम साल 2016 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है और उस पर पटेल नगर व ग्रेटर कैलाश जैसे थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी शेख सरफराज के खिलाफ सराय रोहिल्ला और करोल बाग में चोरी व सेंधमारी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि यह गैंग रात के अंधेरे में बंद घरों को निशाना बनाता था और चोरी का माल ठिकाने लगाने की फिराक में था। इस बड़ी बरामदगी के साथ दिल्ली पुलिस ने हौज खास में दर्ज सेंधमारी के एक महत्वपूर्ण मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। आरोपियों को कानून की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और उनसे आगे की पूछताछ जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More