शोरूम से ‘टेस्ट ड्राइव’ के बहाने लग्जरी बाइक उड़ाने वाला बीकॉम ग्रेजुएट गिरफ्तार, 6 मोटरसाइकिलें बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला अंतर्गत थाना विजय विहार की टीम ने वाहन चोरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो शोरूम से टेस्ट ड्राइव के बहाने महंगी और लग्जरी मोटरसाइकिलें लेकर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह हाई-एंड मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें रॉयल एनफील्ड शॉटगन 650, जावा बोबर 42 और होंडा CB-350RS जैसे महंगे मॉडल शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुनीत सतीजा (29 वर्ष), निवासी रेवाड़ी, हरियाणा के रूप में हुई है।

रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि 19 मार्च को विजय विहार स्थित रॉयल एनफील्ड शोरूम के एक सेल्समैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेकर चंपत हो गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी अतुल सूद के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी मनोहर लाल के नेतृत्व में एसआई उद्देश्य राठी, हेड कांस्टेबल प्रदीप, विकास फोगाट और कांस्टेबल प्रशांत व नरेंद्र की एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी निगरानी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर टीम ने भलस्वा डेयरी इलाके में छापेमारी कर पुनीत सतीजा को धर दबोचा। गिरफ्तारी के वक्त वह सीमापुरी इलाके से चोरी की गई जावा बोबर मोटरसाइकिल पर सवार था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। पुनीत एक B.Com ग्रेजुएट है और उसने पहले एक नामी बाइक शोरूम में सेल्समैन की इंटर्नशिप की थी, जिससे उसे शोरूम की कार्यप्रणाली और टेस्ट ड्राइव की प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी थी। उसने रेवाड़ी में कार एक्सेसरीज का बिजनेस भी किया था, लेकिन उसमें 25 लाख रुपये का घाटा होने के कारण वह भारी कर्ज में डूब गया। कर्ज चुकाने और आसान पैसा कमाने के लिए उसने शोरूम से टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक चोरी करना शुरू कर दिया। वह दिल्ली-NCR के अलग-अलग शोरूम में जाता, अपनी पहचान छिपाकर टेस्ट ड्राइव मांगता और मौका मिलते ही बाइक लेकर फरार हो जाता।

इस गिरफ्तारी के साथ दिल्ली और गुरुग्राम के अलग-अलग थानों (साकेत, सीमापुरी, तिलक नगर, मॉडल टाउन, मोती नगर, और सिविल लाइन्स गुरुग्राम) में दर्ज चोरी के 09 मामलों को सुलझा लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बुराड़ी इलाके से पांच अन्य लग्जरी मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था, लेकिन व्यापार में हुए बड़े घाटे ने उसे अपराध की दुनिया में धकेल दिया। फिलहाल पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More