चाइल्ड पोर्नोग्राफी डाउनलोड करने वाले आरोपी को आनंद पर्वत पुलिस ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के मध्य जिला अंतर्गत थाना आनंद पर्वत की टीम ने बच्चों के ऑनलाइन यौन शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने ‘नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रन’ द्वारा जारी साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए पंकज गोयल (40 वर्ष) नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए इंटरनेट से बच्चों से संबंधित प्रतिबंधित यौन सामग्री डाउनलोड कर रहा था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आनंद पर्वत थाने को NCMEC से एक विशेष साइबर टिपलाइन रिपोर्ट प्राप्त हुई थी, जिसमें एक संदिग्ध मोबाइल नंबर द्वारा इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक सामग्री डाउनलोड करने की सूचना दी गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी पटेल नगर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी आनंद पर्वत के नेतृत्व में इंस्पेक्टर आदेश कुमार, हेड कांस्टेबल जितेंद्र और बोदूराम की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संबंधित मोबाइल नंबर के CAF विवरण और डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया।

पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय स्तर पर की गई वेरिफिकेशन के माध्यम से आरोपी की सटीक लोकेशन का पता लगाया। निरंतर प्रयासों के बाद आरोपी पंकज गोयल को आनंद पर्वत के पंजाबी बस्ती इलाके से धर दबोचा गया। सघन पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट का उपयोग करके प्रतिबंधित सामग्री डाउनलोड की थी। तकनीकी सबूतों के आधार पर उसकी संलिप्तता की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले के साथ ही दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्क रहें। बच्चों के यौन शोषण से संबंधित किसी भी प्रकार की सामग्री को देखना, डाउनलोड करना या शेयर करना कानूनन अपराध है। POCSO अधिनियम की धारा 15 और आईटी एक्ट की धारा 67(B) के तहत ऐसे मामलों में कड़ी सजा का प्रावधान है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इंटरनेट पर ऐसी गतिविधियों पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More