महिला को चाकू दिखाकर मोबाइल लूटने वाले त्रिलोकपुरी के दो बदमाश दबोचे, मोबाइल और चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला अंतर्गत थाना मयूर विहार फेज-1 की टीम ने मुस्तैदी और पेशेवर तफ्तीश का परिचय देते हुए लूट की एक सनसनीखेज वारदात को महज कुछ ही घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्रिलोकपुरी इलाके से दो आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन उर्फ कड़ा (22 वर्ष) और फरमान (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दोनों त्रिलोकपुरी के रहने वाले हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 19 मार्च को नाला रोड स्थित सीएनजी पंप के पास काजल नामक महिला से लूटपाट की घटना हुई थी। पीड़िता जब ड्यूटी के लिए ई-रिक्शा लेने जा रही थी, तभी दो बदमाशों ने पीछे से आकर उसे चाकू दिखाकर डराया और उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मयूर विहार फेज-1 थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई अजय शर्मा, हेड कांस्टेबल हाकम, नरेंद्र और कांस्टेबल संदीप व सुभाष की एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तुरंत तकनीकी सर्विलांस और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। स्थानीय मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने त्रिलोकपुरी के 26 ब्लॉक स्थित कूड़ा खट्टा के पास जाल बिछाकर दोनों संदिग्धों को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी अमन के पास से लूटा गया फोन बरामद हुआ, जबकि फरमान की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि ये दोनों आरोपी बेहद शातिर हैं और अक्सर सुबह या देर शाम के समय सुनसान रास्तों पर पैदल चलने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे। आरोपी अमन उर्फ कड़ा एक घोषित अपराधी है, जिसके खिलाफ मयूर विहार, न्यू अशोक नगर और मंडावली थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 07 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More