पंजाबी बाग में गश्त के दौरान पुलिस ने तीन चोरी की स्कूटी के साथ शातिर वाहन चोर को दबोचा, 3 मामले सुलझे

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला अंतर्गत AATS (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड) की टीम ने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाते हुए एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर तीन चोरी की स्कूटी बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मण (21 वर्ष), पुत्र शीश पाल के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने जनकपुरी, हरी नगर और मंगोलपुरी थानों में दर्ज वाहन चोरी के तीन महत्वपूर्ण मामलों को सुलझा लिया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए एसीपी ऑपरेशंस विजय सिंह और इंस्पेक्टर मुकेश मीणा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में एएसआई वेदपाल, हेड कांस्टेबल देवेंद्र और नंद किशोर शामिल थे। 19 मार्च को पंजाबी बाग इलाके में गश्त के दौरान टीम ने एक संदिग्ध स्कूटी सवार को देखा। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे रोका और पूछताछ शुरू की।

शुरुआती जांच में पता चला कि लक्ष्मण जिस स्कूटी पर सवार था, वह चोरी की थी। गहन पूछताछ के दौरान आरोपी ने दो अन्य स्कूटी चोरी करने की बात भी स्वीकार की, जिन्हें उसने छिपा कर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल तीन स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 21 वर्षीय लक्ष्मण का पहले कोई आपराधिक इतिहास नहीं था, लेकिन वह कम समय में पैसा कमाने के चक्कर में वाहन चोरी की वारदातों में शामिल हो गया। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह इन चोरी की गाड़ियों को किसे बेचने वाला था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More