कीर्ति नगर पुलिस ने कुख्यात ऑटो-लिफ्टर को किया गिरफ्तार; चोरी की 2 स्कूटी और 1 मोटरसाइकिल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला अंतर्गत थाना कीर्ति नगर की टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कुख्यात ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो स्कूटी (होंडा एक्टिवा व हीरो डेस्टिनी) और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार (48 वर्ष), पुत्र ओम प्रकाश के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही चोरी के 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 12 मार्च को कीर्ति नगर इलाके से एक होंडा एक्टिवा स्कूटी चोरी होने की शिकायत मिली थी। इलाके में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए एसीपी पंजाबी बाग जय प्रकाश और थाना प्रभारी संजीव ढोडी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल विकास, धर्मराज और कांस्टेबल नवीन की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध चोरी के वाहन पर घूमता दिखाई दिया।

20 मार्च को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कीर्ति नगर इलाके में जाल बिछाया और चोरी की होंडा एक्टिवा के साथ प्रवीण कुमार को धर दबोचा। गहन पूछताछ के दौरान आरोपी ने वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो अन्य चोरी के वाहन भी बरामद किए। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने कीर्ति नगर, वजीराबाद और समयपुर बादली थानों में दर्ज ऑटो चोरी के 4 महत्वपूर्ण मामलों को सुलझा लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More