ऑटो चालक को ₹500 का नोट दिखाकर छुट्टे के बहाने बातों में उलझाकर मोबाइल उड़ाने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 5 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पूर्व जिला अंतर्गत थाना लाजपत नगर की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऑटो चालकों और राहगीरों का ध्यान भटकाकर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनबीर यादव (30 वर्ष) और कुणाल (26 वर्ष) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी कुणाल एक घोषित अपराधी है और उस पर पहले से ही चोरी, झपटमारी और झगड़े के 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

दक्षिण-पूर्व जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि 20-21 मार्च की दरमियानी रात को तैमूर नगर के पास एक ऑटो चालक विजय मंडल के साथ चोरी की वारदात हुई थी। एक आरोपी ने ₹100 के किराए पर लाजपत नगर के लिए ऑटो बुक किया और कस्तूरबा निकेतन पहुँचने पर ₹500 का नोट दिखाकर छुट्टे पैसे लाने का बहाना बनाया। इसी बीच उसके दो अन्य साथी वहां पहुँचे और चालक को बातों में उलझा लिया। मौका पाकर तीसरे आरोपी ने ऑटो से मोबाइल पार कर दिया और तीनों भागने लगे। हालांकि, चालक ने अपने दोस्त और जनता की मदद से दो आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।

सूचना मिलते ही लाजपत नगर थाना प्रभारी और एसीपी के नेतृत्व में एएसआई मनोज मलिक, कांस्टेबल ललित और धनपत की टीम मौके पर पहुँची और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय लोगों का ध्यान भटकाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर 4 अन्य चोरी के मोबाइल भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस इनके तीसरे फरार साथी की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद अन्य मोबाइल फोन किन-किन इलाकों से चोरी किए गए थे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More