जनकपुरी में ड्रंकन ड्राइविंग चेकिंग के दौरान सिपाही को कार से मारी टक्कर, बोनट पर घसीटा, आरोपी गिरफ्तार , कार जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के जनकपुरी इलाके में शनिवार शाम ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग के दौरान एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां शराब के नशे में धुत एक कार चालक ने पकड़े जाने के डर से ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कॉन्स्टेबल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिपाही कार के बोनट पर जा गिरा, जिसे आरोपी चालक कुछ मीटर तक घसीटते हुए ले गया और फिर सड़क पर पटक दिया। वहां मौजूद राहगीरों और पुलिस टीम की मुस्तैदी से आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी की कार जब्त कर ली है और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 05:52 बजे भारती कॉलेज, लाल साईं मार्ग के पास ट्रैफिक स्टाफ के एसआई गुरदीप सिंह और कॉन्स्टेबल मोहन पाल नियमित रूप से ‘ड्रंकन ड्राइविंग’ की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान राजस्थान नंबर की एक सैंट्रो कार को संदेह के आधार पर रुकने का इशारा किया गया। कार चला रहे निलेश कुमार निवासी द्वारका बागडोला ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने सामने खड़े कॉन्स्टेबल मोहन पाल को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर लगने के बाद सिपाही कार के बोनट पर ही फंस गया, लेकिन बेरहम चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। कुछ मीटर आगे जाकर सिपाही सड़क पर गिर गया, जिससे उसे चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए कार को आगे से घेर लिया और चालक को बाहर निकाला। जांच में पाया गया कि आरोपी निलेश अत्यधिक नशे में था और उसने ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए रेड लाइट भी जंप की थी।

ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की कार को कब्जे में ले लिया है। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185, 184, 179 और 209 के तहत शराब पीकर गाड़ी चलाने, खतरनाक ड्राइविंग, रेड लाइट जंप करने और सरकारी कर्मचारी के साथ बदसलूकी करने का चालान काटा गया है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक कर्मियों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More