महिपालपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, साउथ-वेस्ट AATS ने 3 को दबोचा, 74 सिलेंडर बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिला अंतर्गत AATS (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड) की टीम ने महिपालपुर इलाके में चल रहे अवैध LPG होर्डिंग और कालाबाजारी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान कृष्णा (33 वर्ष), दिनेश साहू (46 वर्ष) और मिथिलेश (39 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 74 LPG सिलेंडर (70 घरेलू और 4 कमर्शियल), एक टाटा एस गोल्ड वाहन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनें और गैस ट्रांसफर करने वाले उपकरण बरामद किए हैं।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं के अवैध व्यापार के खिलाफ एसीपी ऑपरेशंस संघमित्रा के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर राम कुमार के नेतृत्व में एसआई राम प्रताप, एएसआई विनोद कुमार और उनकी टीम लगातार इनपुट्स पर काम कर रही थी। 21 मार्च को महिपालपुर स्थित के-845 में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण की गुप्त सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी कर तीनों आरोपियों को रंगे हाथ धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बिना किसी लाइसेंस या बिल के स्थानीय निवासियों को ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचते थे। मुनाफा बढ़ाने के लिए ये लोग मेटल पाइप के जरिए भरे हुए सिलेंडरों से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में रिफिल करते थे। ये तीनों आरोपी मूल रूप से बिहार के बांका जिले के रहने वाले हैं और पिछले 20-25 वर्षों से दिल्ली में रह रहे हैं। पिछले 3 सालों से वे महिपालपुर इलाके में इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस ने मौके से 54 भरे हुए और 16 खाली घरेलू सिलेंडर, 3 भरे हुए कमर्शियल सिलेंडर, तौल मशीनें और गैस रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला मेटल पाइप बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना वसंत कुंज नॉर्थ में आवश्यक वस्तु अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्हें सिलेंडरों की इतनी बड़ी खेप कहां से उपलब्ध हो रही थी। मामले में आगे की तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More