चांदनी चौक से बाइक चोरी करने वाले गाजियाबाद के दो शातिर चोर गिरफ्तार, हापुड़ से बरामद हुई मोटरसाइकिल

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिला अंतर्गत थाना कोतवाली की टीम ने चांदनी चौक इलाके में सक्रिय वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों और चोरी का वाहन खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फुरकान (29 वर्ष) और रिहान (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं। वहीं चोरी की बाइक खरीदने वाले रिजवान (23 वर्ष) को हापुड़ से पकड़ा गया है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 14 मार्च को चांदनी चौक के कटरा नील इलाके से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी शंकर बनर्जी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी सुमन कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह, हेड कांस्टेबल दल चंद, नंद किशोर और उनकी टीम ने जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध एक मोटरसाइकिल पर आकर पीड़ित की बाइक चुराते हुए साफ दिखाई दिए।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज से मिली तस्वीरों को गुप्त सूचना तंत्र और स्थानीय इनपुट के साथ साझा किया। 15 मार्च को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने चांदनी चौक के दंगल मैदान पार्किंग के पास से फुरकान और रिहान को उस मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया, जिसका इस्तेमाल उन्होंने चोरी के दौरान किया था।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे गाजियाबाद के लोनी में एक एंब्रॉयडरी शॉप पर काम करते हैं और अक्सर चांदनी चौक आते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने कटरा नील से बाइक चोरी की थी और उसे हापुड़ में अपने दोस्त रिजवान को मात्र ₹8,000 में बेच दिया था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हापुड़ में छापेमारी की और रिजवान के कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली।

आरोपी रिहान पहले से ही दिल्ली के विवेक विहार और हर्ष विहार थानों में स्नैचिंग और वाहन चोरी के दो मामलों में शामिल रहा है। वहीं वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक फुरकान के चचेरे भाई की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More