सैकड़ों वारदातों को अंजाम देने वाले प्रोफेशनल क्रिमिनल दबोचे गए, चोरी की स्कूटी और चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला अंतर्गत थाना भारत नगर की संगम पार्क पुलिस चौकी ने इलाके में मुस्तैदी दिखाते हुए दो बेहद शातिर और कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश राय (गाजियाबाद) और अनिल उर्फ अन्नू (45 वर्ष), निवासी मुकुंद विहार के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट और ड्रग्स तस्करी जैसे 65 संगीन आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 19 मार्च को संगम पार्क चौकी प्रभारी एसआई राजेश पिलानिया के नेतृत्व में एसआई नवीन, हेड कांस्टेबल राकेश, मनीष और कांस्टेबल हरकेश स्वामी नारायण अंडरपास के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को आते देखा। पुलिस टीम को सामने पाकर आरोपियों ने घबराकर यू-टर्न लिया और भागने की कोशिश की। सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर दोनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से बटनदार चाकू मिला, वहीं स्कूटी की जांच करने पर पता चला कि वह महिंद्रा पार्क इलाके से चोरी की गई थी।

गहन पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इलाके में स्नैचिंग और लूट के लिए आसान शिकार की तलाश में घूम रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि राकेश राय पर पहले से 31 मामले और अनिल उर्फ अन्नू पर 34 मामले दर्ज हैं। ये दोनों आरोपी जेल से बाहर आकर फिर से गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट और चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इनसे और पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों और इनके गिरोह के अन्य सदस्यों का सुराग लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More