एएसबी सेल ने अंतरराज्यीय सेंधमार गिरोह का किया भंडाफोड़, कल्याणपुरी में हुई चोरी की गुत्थी सुलझी, दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला अंतर्गत एंटी स्नेचिंग एंड बर्गरलरी (ASB) सेल ने एक अंतरराज्यीय सेंधमार और चोरी का माल खरीदने वाले जौहरी को गिरफ्तार कर कल्याणपुरी इलाके में हुई दिनदहाड़े चोरी की वारदात को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹8,750 नकद, चोरी के पैसों से खरीदा गया डबल बेड, गद्दे, कूलर, 13 नई ड्रेस और एक लेडीज हैंडबैग बरामद किया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान शेख अकबर अली (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से आंध्र प्रदेश का रहने वाला है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 13 मार्च को कल्याणपुरी निवासी राम किशन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वे परिवार के साथ लंच पर गए थे, तब किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और दस हजार नकद उड़ा लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के पर्यवेक्षण और एएसबी सेल प्रभारी एसआई अजय तोमर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल शैलेंद्र, मनेंद्र, सुबोध और कांस्टेबल अनंतपाल की एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने जांच के दौरान इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में पोटली लेकर जाता दिखाई दिया। गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने शेख अकबर अली को कोंडली गांव से दबोच लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह बंद घरों को निशाना बनाता था और चोरी किए गए जेवर कोंडली स्थित एक स्थानीय जौहरी अनिल वर्मा (36 वर्ष) को बेच देता था। पुलिस ने अकबर की निशानदेही पर अनिल वर्मा को भी चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी शेख अकबर अली एक आदतन अपराधी है और वह हैदराबाद में भी चोरी के तीन मामलों में शामिल रहा है, जिसके लिए वह जेल की सजा भी काट चुका है। आरोपी चोरी के पैसों से अपनी सुख-सुविधा का सामान खरीदकर ऐश कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More