अशोक विहार पुलिस ने तड़ीपार कुख्यात अपराधी को किया गिरफ्तार; चोरी की स्कूटी और अवैध चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला अंतर्गत थाना अशोक विहार की डब्ल्यूपीआईए (WPIA) पुलिस चौकी ने इलाके में गश्त के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अशोक विहार थाने के घोषित अपराधी और इलाके से तड़ीपार किए गए रवि उर्फ टोटो (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक चोरी की स्कूटी और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। आरोपी रवि उर्फ टोटो एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही स्नैचिंग, चोरी, और आर्म्स एक्ट जैसे 20 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए 19 मार्च की रात करीब आठ बजे डब्ल्यूपीआईए चौकी प्रभारी एसआई रोहित चाहर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल पवन, अश्विनी, राहुल हुड्डा और विजेंद्र राजा पार्क इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान टीम ने बी-ब्लॉक स्थित फैक्ट्री नंबर बी-74 के पास एक संदिग्ध स्कूटी सवार को देखा। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। जांच करने पर पता चला कि जिस स्कूटी पर वह सवार था, वह थाना केशव पुरम इलाके से चोरी की गई थी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इलाके में स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने के लिए घूम रहा था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रवि उर्फ टोटो को दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत इलाके से तड़ीपार किया गया था। तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करने के कारण उसके खिलाफ दिल्ली पुलिस एक्ट की धारा 53/116 और अवैध हथियार रखने के जुर्म में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि तड़ीपार होने के दौरान उसने और किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More