हनुमान मंदिर के पास मोबाइल छीनकर भाग रहे थे बदमाश, पुलिस ने पीछा कर दबोचा, 3 फोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला अंतर्गत थाना मधु विहार की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मोबाइल स्नैचिंग की वारदात के चंद मिनटों के भीतर दो शातिर झपटमारों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें से एक मोबाइल शिकायतकर्ता से ताजा छीना गया था, जबकि दो अन्य मोबाइल न्यू अशोक नगर और कल्याणपुरी इलाकों से चोरी किए गए पाए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय श्रीवास्तव (22 वर्ष), निवासी मंडावली और लकी सिंह (23 वर्ष) के रूप में हुई है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि इलाके में झपटमारी की घटनाओं को रोकने के लिए थाना प्रभारी अरुण कुमार और एटीओ संदीप आर्य के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सचिन त्यागी और कांस्टेबल प्रमोद की एक विशेष टीम गश्त पर तैनात थी। 19 मार्च को जोशी कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के पास शिकायतकर्ता आलोक कुमार से स्कूटी सवार दो बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया और आईपी एक्सटेंशन की ओर भागने लगे। भागते समय तारावती अस्पताल के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई, तभी पीछे से आ रही पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गहन पूछताछ के दौरान आरोपी लकी सिंह ने स्वीकार किया कि वह पहले भी मधु विहार थाने में दर्ज चोरी और स्नैचिंग के मामलों में शामिल रहा है। आरोपियों की निशानदेही पर दो अन्य चोरी के मोबाइल भी बरामद हुए हैं, जो दिल्ली के अलग-अलग थानों से जुड़े मामलों में वांछित थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन बदमाशों ने अब तक और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और वे छीने गए मोबाइल किसे बेचते थे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More