राजौरी गार्डन पुलिस ने सुलझाई ₹40 लाख की लूट और अपहरण की गुत्थी, बिजनेस पार्टनर गिरफ्तार, फिल्मी अंदाज में रची थी साजिश

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला अंतर्गत थाना राजौरी गार्डन की टीम ने एक बेहद सनसनीखेज और फिल्मी अंदाज में अंजाम दी गई लूट व अपहरण की वारदात को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता हरीश शर्मा उर्फ रिंकू (48 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जो शिकायतकर्ता का पुराना परिचित और बिजनेस पार्टनर है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी पुलिसकर्मी बनकर पीड़ित भाइयों का अपहरण किया और उनसे ₹40 लाख नकद, कीमती ज्वैलरी और उनकी कार लूट ली थी।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 19 मार्च को सागर शर्मा नामक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने भाई मानिक के साथ रिंग रोड, राजौरी गार्डन के पास अपनी सोने-हीरे की ज्वैलरी का पेमेंट लेने गया था। तभी दो अज्ञात लोग जबरन उनकी कार में घुसे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर गनपॉइंट पर उनका अपहरण कर लिया। आरोपी उन्हें पीटते हुए जीटी करनाल रोड की ओर ले गए और उनसे ₹40 लाख कैश, मोबाइल, एप्पल वॉच और कार लूटकर उन्हें हरियाणा के शाहाबाद इलाके में छोड़ दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी राजौरी गार्डन के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी रविंदर जोशी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद पुलिस ने हरीश शर्मा उर्फ रिंकू को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि पीड़ित भाइयों ने वारदात से एक दिन पहले उसे ज्वैलरी मूल्यांकन के लिए दी थी। उस ज्वैलरी को हड़पने और कैश लूटने के लिए उसने अपने साथी चेतन उर्फ गुरप्रीत सिंह रंधावा के साथ मिलकर इस पूरी वारदात की पटकथा लिखी थी ताकि पीड़ित को लगे कि यह असली पुलिसिया कार्रवाई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी हरीश पहले से ही शिकायतकर्ता के साथ ज्वैलरी का कारोबार करता था, इसलिए उसे पीड़ित की हर गतिविधि की जानकारी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। लूटे गए ₹40 लाख, ज्वैलरी और वाहन की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मामले में आगे की तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More