लक्ष्मी नगर पुलिस ने सुलझाई घर में हुई चोरी की गुत्थी, 3 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला अंतर्गत थाना लक्ष्मी नगर की टीम ने एक महीने की लंबी जांच और तकनीकी निगरानी के बाद घर में हुई चोरी के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान राहुल सिंह (27 वर्ष), निवासी बल्लभगढ़, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए तीनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी पहले से ही हरियाणा में दर्ज हत्या और लूट जैसे संगीन मामले में शामिल रहा है और फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहा था।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 4 फरवरी को लक्ष्मी नगर निवासी भरमा भुजंग गडकरी ने अपने घर से तीन मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी अशोक कुमार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी अजीत कुमार झा के नेतृत्व में एएसआई नरेश, हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र, प्रवीण कुमार और वसीम अकरम की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने अपराधी का सुराग लगाने के लिए इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया।

करीब एक महीने तक चली निरंतर जांच और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी राहुल सिंह को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी के तीनों फोन बरामद कर लिए गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी राहुल सिंह के खिलाफ फरीदाबाद के सदर थाने में साल 2021 में हत्या, अपहरण और लूट का एक गंभीर मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने दिल्ली में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More