शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर फरीदाबाद के दो निवासियों से सवा करोड़ लूटे, दो गिरफ्तार

फरीदाबाद: औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में ऊंचे मुनाफे का लालच देकर दो अलग-अलग वारदातों में सवा करोड़ रुपये से अधिक की ठगी को अंजाम दिया है। फरीदाबाद पुलिस की साइबर टीमों ने तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु और राजस्थान से दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों में एक निजी कंपनी का कर्मचारी और एक साइबर कैफे संचालक शामिल है, जो ठगी की राशि को ठिकाने लगाने में अहम भूमिका निभा रहे थे।

पहली बड़ी कार्रवाई साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने की है। यहां सेक्टर-28 के एक निवासी को फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश के विज्ञापन के जरिए ठगी का शिकार बनाया गया। पीड़ित ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उसे व्हाट्सएप के विभिन्न ‘इन्वेस्टमेंट स्टडी ग्रुप्स’ में जोड़ लिया गया। शातिरों ने उसे विश्वास में लेकर एक फर्जी खाता खुलवाया और अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 96,65,000/- रुपये का निवेश करा लिया। जब पीड़ित ने पैसा वापस मांगा, तो आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में तमिलनाडु के विल्लूपुरम निवासी पीरूमल को गिरफ्तार किया है, जिसके खाते में ठगी के करीब 29.50 लाख रुपये आए थे। आरोपी वहां एक निजी कंपनी में कार्यरत है और फिलहाल चार दिन के पुलिस रिमांड पर है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम द्वारा अमल में लाई गई है। सेक्टर-8 निवासी एक व्यक्ति को टेलीग्राम ग्रुप के जरिए ट्रेडिंग की सलाह देकर जाल में फंसाया गया। पीड़ित ने करीब एक साल तक ग्रुप की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद 16,55,000/- रुपये का निवेश किया, लेकिन मुनाफा निकालने की बारी आई तो ठगों ने ग्रुप ही डिलीट कर दिया। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के झुंझुनू निवासी राहुल को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि राहुल चिड़ावा में साइबर कैफे चलाता है और ठगी की राशि को यूएसडीटी जैसी डिजिटल करेंसी में बदलकर आगे भेजने का काम करता था। इस मामले में खाताधारक अंकित को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों ही मामलों में आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से उनके गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी गई राशि की बरामदगी के संबंध में गहन पूछताछ करेगी। फरीदाबाद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले लुभावने निवेश के विज्ञापनों और अज्ञात व्हाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप्स से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध लेनदेन की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More