दिल्ली की सड़कों पर शिकार तलाशने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार, झपटमारी के दर्जनों मामले सुलझे

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिला की विभिन्न थाना टीमों ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए झपटमारी और लूट की 5 अलग-अलग वारदातों को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें शातिर लुटेरे और छीने गए मोबाइल खरीदने वाला एक रिसीवर भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 3 स्कूटी, 9 छीने गए मोबाइल फोन, 1500 रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में आशु चौहान उर्फ दल्लू (21 मामलों में शामिल) और पवन उर्फ बिलांका (हिस्ट्रीशीटर) जैसे कुख्यात अपराधी शामिल हैं।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि सब्जी मंडी, सराय रोहिल्ला और कोतवाली इलाकों में हाल ही में हुई स्नैचिंग और लूट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसीपी स्तर के अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने आरोपियों के भागने के रास्तों का विश्लेषण किया और रणनीतिक जाल बिछाकर इन्हें अलग-अलग इलाकों से धर दबोचा। पूछताछ में सामने आया कि ये सभी आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की स्कूटी पर सवार होकर सुनसान जगहों पर राहगीरों को निशाना बनाते थे।

सब्जी मंडी इलाके में एक कैटरर से मोबाइल छीनने के मामले में आशु और सोनू को गिरफ्तार किया गया, जबकि छीने गए फोन को खरीदने वाले रिसीवर देवानंद को भी पुलिस ने दबोच लिया। वहीं, सराय रोहिल्ला में ई-रिक्शा में सवार यात्री से चाकू की नोंक पर लूट करने वाले अशफाक और पवन उर्फ बिलांका को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोतवाली इलाके में स्कूटी सवार झपटमारों का पीछा करते समय उनकी स्कूटी बैरियर से टकरा गई थी, जिसके बाद तकनीकी जांच की मदद से दानिश और सलमान को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, सराय रोहिल्ला पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने त्रिनगर निवासी वरुण शर्मा को चोरी के 5 मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। आरोपी आशु चौहान उर्फ दल्लू पर 21 मामले, सोनू पर 18 मामले और दानिश पर 12 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी मुख्य रूप से उन लोगों को निशाना बनाते थे जो सड़क पर चलते समय फोन का इस्तेमाल कर रहे होते थे। पुलिस अब इन सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि दिल्ली के अन्य हिस्सों में इनके द्वारा की गई वारदातों का पता लगाया जा सके और चोरी के अन्य वाहनों व मोबाइलों की बरामदगी की जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More