फर्श बाजार पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी; 650 क्वार्टर बोतल बरामद, तस्कर गिरफ़्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के शाहदरा जिला अंतर्गत थाना फर्श बाजार की बीट टीम ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गश्त के दौरान एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान लकी उर्फ हिमेश (25 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 650 क्वार्टर बोतल अवैध शराब बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी नंद नगरी और फर्श बाजार इलाके का घोषित अपराधी है और पहले भी चोरी व आबकारी अधिनियम के 5 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 18 मार्च को फर्श बाजार थाने के हेड कांस्टेबल हेमंत कुमार और हेड कांस्टेबल मोहित इलाके में बीट पेट्रोलिंग पर तैनात थे। गश्त के दौरान जब वे विश्वास नगर स्थित एनएसए कॉलोनी के पास पहुंचे, तो उन्होंने एक संदिग्ध युवक को देखा जिसके पास एक बड़ा सफेद प्लास्टिक बैग और शराब के दो कार्टन रखे थे। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी लकी उर्फ हिमेश बरामद शराब के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब पेश नहीं कर सका। इसके बाद फर्श बाजार थाने के ड्यूटी ऑफिसर को सूचित किया गया और एएसआई अली हसन मौके पर पहुंचे, जिन्होंने आरोपी को हिरासत में लेकर शराब जब्त कर ली। जांच में पता चला कि आरोपी अनपढ़ है और कम समय में अधिक पैसा कमाने के लालच में अवैध शराब की तस्करी में शामिल हो गया। वह मुख्य रूप से नंद नगरी और फर्श बाजार के इलाकों में अवैध शराब की सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि वह शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाया था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More