हाईटेक डिवाइस से उड़ाते थे गाड़ियां, शाहदरा पुलिस ने जाल बिछाकर दो शातिर ऑटो-लिफ्टर्स को दबोचा, 5 कारें और डिवाइस बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के शाहदरा जिला की AATS (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड) टीम ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान सहदेव साहनी (43 वर्ष), निवासी गाजियाबाद और योगेंद्र सैनी उर्फ योगेश (36 वर्ष), निवासी उत्तम नगर के रूप में हुई है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दिल्ली, गाजियाबाद और गुजरात के वलसाड से चोरी की गई 5 कारें (स्विफ्ट डिजायर, बलेनो, अर्टिगा, ऑल्टो और हुंडई क्रेटा) बरामद की हैं। इसके साथ ही गाड़ियों को अनलॉक करने और चोरी करने में इस्तेमाल होने वाला हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक पैड (डिवाइस) और औजार भी जब्त किए गए हैं।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि इलाके में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस मोहिंदर सिंह के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर प्रतीक सक्सेना के नेतृत्व में एएसआई राजीव, प्रेम पाल और हेड कांस्टेबल निशांत व नीरज समेत एक विशेष टीम का गठन किया गया था। 11 मार्च को एक गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को उस समय दबोच लिया जब वे चोरी की स्विफ्ट डिजायर कार के साथ इलाके में घूम रहे थे। शुरुआती जांच में पता चला कि बरामद कार कल्याणपुरी इलाके से चोरी की गई थी।

गहन पूछताछ और पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी सहदेव साहनी ने खुलासा किया कि वे दिल्ली-एनसीआर से गाड़ियां चुराकर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी अपने साथी फैजान को बेचते थे। फैजान इन गाड़ियों को गुजरात के वलसाड भेज देता था, जहां से उसके पिता फुरकान इन चोरी के वाहनों को पंजाब, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में खपा देते थे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गुजरात से चोरी की बलेनो कार बरामद की और सहदेव की निशानदेही पर अन्य गाड़ियां भी बरामद कीं। आरोपी सहदेव साहनी पहले भी वाहन चोरी के 9 मामलों में शामिल रहा है, जबकि योगेंद्र के खिलाफ 2 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस सिंडिकेट के अन्य सदस्यों और रिसीवर फैजान की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More