शाहदरा जिले की ANTF टीम ने कुख्यात महिला ड्रग पैडलर को किया गिरफ्तार; 1.640 किलोग्राम गांजा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के शाहदरा जिला अंतर्गत ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक सफल ऑपरेशन चलाते हुए कस्तूरबा नगर इलाके में सक्रिय एक महिला ड्रग पैडलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से 1.640 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितु (37 वर्ष), निवासी कस्तूरबा नगर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला एक आदतन अपराधी है और उसे पिछले साल ही शाहदरा जिला पुलिस द्वारा एक साल के लिए दिल्ली से तड़ीपार किया गया था, इसके बावजूद वह इलाके में छिपकर नशा बेचने का काला धंधा कर रही थी।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि ANTF टीम को कस्तूरबा नगर और विवेक विहार इलाके में अवैध गांजा बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद एसीपी ऑपरेशंस मोहिंदर सिंह के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में एसआई धीर सिंह, एएसआई शौकिंदर और महिला कांस्टेबल शिवानी सहित एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कस्तूरबा नगर स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के अंदर एक सफेद पॉलीथिन बैग में छिपाकर रखा गया 1.640 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी रितु ने खुलासा किया कि वह दैनिक मजदूरी करती थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण जल्दी और आसान पैसा कमाने के चक्कर में वह नशा तस्करी के धंधे में शामिल हो गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रितु के खिलाफ पहले से ही आबकारी अधिनियम और NDPS एक्ट के 6 संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विवेक विहार थाने में NDPS एक्ट की धारा 20/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस की टीमें रितु द्वारा बताए गए मुख्य सप्लायरों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं ताकि नशे की इस पूरी सप्लाई चेन का पर्दाफाश किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More