शेयर बाजार के घाटे ने अपने घर में ही डलवा दी ₹20 लाख की डकैती, ₹20 लाख के सोने के जेवर बरामद, दोस्त समेत गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला अंतर्गत थाना शकरपुर की टीम ने स्कूल ब्लॉक इलाके में हुई एक बड़ी चोरी के मामले को सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में शिकायतकर्ता के अपने ही बेटे और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब ₹20 लाख मूल्य के सोने और हीरे के जेवर बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सायान सरकार (24 वर्ष) और उसके दोस्त विशाल (24 वर्ष) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि यह कोई साधारण चोरी नहीं, बल्कि सायान द्वारा रची गई एक सोची-समझी साजिश थी।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 18 मार्च को शकरपुर निवासी सरजीत सरकार ने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे परिवार के साथ वैशाली (गाजियाबाद) गए थे और जब लौटे तो घर का ताला खुला मिला और जेवरात गायब थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी अशोक कुमार और थाना प्रभारी कमल किशोर के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर विजेंद्र नागर, एसआई अनुभव, एएसआई नरेंद्र और हेड कांस्टेबल राहुल व नौशाद की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने जब घटनास्थल का निरीक्षण किया, तो उन्हें ताला टूटने या जबरन प्रवेश का कोई निशान नहीं मिला, जिससे परिवार के ही किसी सदस्य पर शक गहरा गया।

तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद जब पुलिस ने शिकायतकर्ता के बेटे सायान सरकार से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सायान ने बताया कि उसे शेयर बाजार में भारी घाटा हुआ था और उस पर कर्ज चुकाने का भारी दबाव था। इस दबाव से बचने के लिए उसने अपने बीबीए ग्रेजुएट दोस्त विशाल के साथ मिलकर साजिश रची। सायान ने विशाल को घर की नकली चाबी दी और परिवार के बाहर जाने की जानकारी साझा की। मौका पाकर विशाल ने घर में प्रवेश किया और ₹20 लाख के कीमती जेवर व नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चोरी का सारा माल बरामद कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More