मंडावली पुलिस ने शातिर सेंधमार को किया गिरफ्तार; चोरी के सोने के जेवर, मोबाइल और नकदी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला अंतर्गत मंडावली थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए गणेश नगर इलाके में हुई एक घर की चोरी की गुत्थी को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान विक्रम कुमार उर्फ विक्की (30 वर्ष), निवासी पटपड़गंज गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने का मंगलसूत्र, कान की बालियां, सोने का हनुमान स्टोन, दो मोबाइल फोन और 4,980 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और ताला तोड़ने के औजार भी जब्त किए गए हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 16 मार्च को गणेश नगर, पांडव नगर कॉम्प्लेक्स स्थित एक मकान में चोरी की शिकायत प्राप्त हुई थी। चोरों ने रात के समय घर का ताला तोड़कर नकदी और कीमती जेवरात साफ कर दिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडावली थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई अंकित, हेड कांस्टेबल नरेश, कांस्टेबल दीपक और प्रदीप की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि नजर आई। तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से संदिग्ध की पहचान विक्रम उर्फ विक्की के रूप में हुई।

पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर पटपड़गंज गांव के पास छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। गहन पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया सारा सामान बरामद कर लिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी विक्रम एक पेशेवर और आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी और सेंधमारी के 23 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने हाल के दिनों में और किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More